भीलवाड़ा , मार्च 23 -- राजस्थान में भीलवाड़ा नगर निगम प्रशासन ने सोमवार को ज्योति नगर में करोड़ों रुपए मूल्य की सरकारी जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा किए गए अवैध कब्जों को जमींदोज कर दिया।

नगर निगम आयुक्त हेमाराम के सख्त तेवरों के बाद सोमवार को अतिक्रमण हटाओ दस्ते के प्रभारी संजय खोखर और होमगार्ड प्रभारी जोरावर सिंह दल के साथ ज्योति नगर में कोणार्क स्कूल के पीछे नाले के पास पहुंचे।

निगम सूत्रों ने बताया कि यहाँ माफियाओं ने निगम के बेशकीमती 10 से अधिक भूखंडों पर अवैध तरीके से कब्जा कर रखा था। निगम की जेसीबी ने मौके पर पहुँचते ही अवैध निर्माणों को ढहाना शुरू किया, जिससे अवैध कब्जाधारियों में भगदड़ मच गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित