भीलवाड़ा , दिसम्बर 11 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बदनोर खनन क्षेत्र में भीलवाड़ा एवं ब्यावर खनिज विभाग के संयुक्त दल के अचानक निरीक्षण में अवैध खनन की पुष्टि हुई है।

आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि निरीक्षण के दौरान दल को पास के शीतला गांव के चौड़ा के पास अवैध खनन के स्पष्ट प्रमाण मिले। खनन स्थल पर काटला पट्टी का खनन किया जा रहा था। हालांकि, मौके पर कोई भी व्यक्ति नहीं मिला लेकिन खनन कार्य में इस्तेमाल होने वाली एक कटिंग मशीन वहां मिली है। दल ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि यह अवैध खनन कार्य बदनोर के एक निवासी की ओर से किया जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि खनिज विभाग के अधिकारियों ने जब मौके पर कार्यालय रिकॉर्ड की पुष्टि की, तो पाया कि खनन के लिए विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गयी थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह खनन स्थल राजस्थान अप्रधान खनिज रियायत नियम, 2017 के नियम 54 के तहत अवैध खनन की श्रेणी में आता है। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पंचनामा बनाया और कटिंग मशीन को जब्त करके बदनोर थाने के सुपुर्द कर दिया। खनिज विभाग की टीम ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ बदनोर थाने में मामला भी दर्ज करवाया है।

अवैध खनन के खिलाफ की गई इस कार्रवाई में अधीक्षण खनिज अभियंता ओपी काबरा, खनिज अभियंता महेश शर्मा, सहायक खनिज अभियंता सुनील सनाढ्य, फोरमेन जोगाराम मौजूद थे। इसके अलावा, प्रशासनिक अमले की ओर से उपखंड अधिकारी नीतू कारोत, तहसीलदार देवालाल भील, ब्यावर खनिज विभाग अधिकारी जगदीश मरावत और थाना अधिकारी महादेव गुर्जर बदनोर भी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित