भीलवाड़ा , दिसम्बर 18 -- राजस्थान में भीलवाड़ा शहर में नगर विकास न्यास ने गुरुवार को पांसल चौराहे से सुखाड़िया सर्कल तक 100 फुट रोड पर किए गए अतिक्रमण को हटाने का अभियान सुबह शुरू किया।

अभियान की शुरुआत होते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया और वे स्वयं आगे आकर टीन शेड और अन्य अस्थायी ढांचे हटाने में जुट गए।

नगर विकास न्यास की ओर से पिछले दिनों इस मार्ग पर किए गए अतिक्रमणों को लेकर नोटिस जारी किए गए थे। इन्हीं नोटिसों के तहत आज सुबह कार्रवाई शुरू की गई। दल ने फुटपाथ, नालों और सड़क किनारे टीन शेड लगाकर किए गए अतिक्रमणों को हटाना शुरू किया।

कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार खुद ही अपना सामान समेटते नजर आए। प्रशासन का कहना है कि 100 फुट रोड पर यातायात व्यवस्था और पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित