भीलवाड़ा , फरवरी 13 -- राजस्थान के भीलवाड़ा में दूसरे दिन भी नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा।
शु्क्रवार को नगर निगम का दस्ता सूचना केंद्र और आजाद चौक चौराहे पर पहुंचा, जहां लंबे समय से कब्जा किये अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाईकी गयी। क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण और यातायात बाधित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद निगम के दल ने आजाद चौक सूचना केंद्र से अभियान की शुरुआत करते हुए अवैध कब्जों को हटाना शुरू किया।
निगम के सूत्रों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर बने अवैध पक्के रैंप तोड़े गये और कई दुकानों के होर्डिंग एवं बोर्ड जब्त किये गये। निगम के दल को देखते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों और व्यापारियों ने स्वयं ही अपनी दुकानों के बाहर से सामान हटाना शुरू कर दिया।
अभियान के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गये। कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए दल पर भेदभाव का आरोप लगाया और बहसबाजी भी की।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ चालान काटे जाएंगे और आवश्यक होने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित