भीलवाड़ा , फरवरी 18 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले में बुधवार को मौसम में अचानक आये बदलाव से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
बागोर क्षेत्र के चांदरास ग्राम में दोपहर को तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका है। भीलवाड़ा शहर सहित जिले के अधिकांश हिस्सों में सुबह से ही काली घटाएं छाई रहीं और ठंडी हवाओं के चलने से ठिठुरन बढ़ गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बागोर कस्बे में बादल छाए हुए हैं, लेकिन पास के चांद रास ग्राम में बुधवार को तेज बारिश के साथ ओले गिरे। ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, मौसम में आये इस बदलाव के चलते अगले 24 घंटों में जिले के कई हिस्सों में मध्यम से तेज वर्षा हो सकती है। अचानक हुई इस ओलावृष्टि ने किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं, क्योंकि पकने को तैयार रबी की फसल पर इस बेमौसम मार का गहरा असर पड़ सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित