भिमताल/नैनीताल,03जनवरी(वार्ता) उत्तराखंड के भीमताल क्षेत्र से वन्यजीव हमले की एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। घास काटने के लिए जंगल गई 60 वर्षीय महिला पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला का शव आज सुबह जंगल से बरामद किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान गंगा देवी (60 वर्ष) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गंगा देवी रोज़ की तरह मवेशियों के लिए चारा लाने यूनियन स्टेट से लगे जंगल में गई थीं। शाम तक जब वह घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजनों ने तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय लोग देर रात तक जंगल में गंगा देवी की तलाश में जुटे रहे, लेकिन अंधेरा और घना जंगल होने के कारण उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद आज सुबह घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर, सातताल से लगे यूनियन स्टेट के घने जंगल में महिला का शव मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में छानबीन की गई। प्रारंभिक जांच में महिला पर जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित