भीमताल , फरवरी 17 -- उत्तराखंड में नैनीताल जनपद के भीमताल स्थित जून स्टेट क्षेत्र में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब वन विभाग द्वारा जंगल में लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ कैद मिला।

सुबह नियमित गश्त पर निकली वन विभाग की टीम जब क्षेत्र में लगाए गए ट्रैपिंग केज की जांच कर रही थी, तभी पिंजरे के भीतर तेंदुए को देखा गया। तेंदुए के पिंजरे में फंसने की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों में हलचल तेज हो गई।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में वन्यजीव की आवाजाही की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद एहतियातन पिंजरा लगाया गया था। आज सुबह उसमें तेंदुआ फंस गया। वन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए तेंदुए का रेस्क्यू किया।

प्राथमिक जांच के बाद उसे सुरक्षित तरीके से हल्द्वानी स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया, जहां वन्यजीव चिकित्सकों द्वारा उसकी स्वास्थ्य जांच की जाएगी।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण भी जंगल क्षेत्र की ओर पहुंचने लगे, हालांकि वन विभाग ने लोगों को भीड़ न लगाने और जंगल की तरफ न जाने की सख्त हिदायत दी है। अधिकारियों ने अपील की है कि किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखने पर स्वयं जोखिम न लें और तुरंत विभाग को सूचना दें।

वन विभाग का कहना है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित