भिवानी , मार्च 02 -- हरियाणा के भिवानी में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला कमेटी ने इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर एकतरफा हमला करने व युद्ध थौंपने की तानाशाही नीति के विरोध में सोमवार को शहर में प्रदर्शन किया।
विरोध स्वरूप व युद्ध तुरंत बंद करने की मांग करते हुए उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंका। कार्यक्रम की अध्यक्षता माकपा सचिव मंडल सदस्य सुखदेव पालवास ने की। मंच संचालन जिला सचिव मंडल सदस्य करतार ग्रेवाल ने किया।
इससे पहले पार्टी के कार्यकर्ता प्रात: पुराना बस स्टैंड के पीछे पूर्व मंत्री ठाकुर बीर सिंह पार्क में एकत्रित हुए तथा एक सभा की। सभा व प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पार्टी जिला सचिव कामरेड ओमप्रकाश व सचिव मंडल सदस्य कामरेड अनिल कुमार ने कहा कि अमेरिका व ईरान की परमाणु मुद्दे पर तीन दौर की बात हो चुकी थी तथा ईरान अमेरिका को यह आश्वासन दे रहा था कि वह यूरेनियम का संवर्धन परमाणु ऊर्जा बनाने हेतु कर रहा है और इसका उपयोग हथियारों या मिसाइल बनाने हेतु युद्ध सामग्री के लिए नहीं किया जाएगा। इसके लिए वह अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी या दोनों देशों की किसी स्वतंत्र एजेंसी से निरीक्षण करवाने के लिए तैयार है, परंतु इजराइल व अमेरिका ने इसकी परवाह ना करते हुए 28 फरवरी को ईरान पर एक तरफा मिजाइल हमला कर दिया और वहां के राष्ट्रपति अयातुल्लाह अली खामेनेई, उसके परिवार, रक्षा मंत्री व सेना के 40 उच्च अधिकारियों का सरेआम कत्ल करके बहुत ही निंदनीय व घृणित कार्य किया है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित