अलवर , फरवरी 28 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी शहर में जल भराव की समस्या के स्थायी समाधान एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से स्थापित की जा रही 34 एमएलडी क्षमता की सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजना पर कार्य करीब 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।
करीब 178.77 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रही यह महत्वाकांक्षी परियोजना शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना स्थल का शनिवार को पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, बीड़ा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अतुल प्रकाश, भिवाड़ी के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) सुमित्रा मिश्र, नगर परिषद आयुक्त मुकेश चौधरी एवं केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री के दल ने निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करके कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।
सूत्रों ने बताया कि वर्तमान में सिविल निर्माण कार्य 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। प्रशासनिक भवन एवं टॉप डैम का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूर्ण किया जा रहा है। इसके उपरांत इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल कार्य, जिसमें एमसीबी पैनल, पंप, सेपरेटर और एससीएडीए सिस्टम की स्थापना शामिल है, चरणबद्ध रूप से संपादित किए जाएंगे। सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किये जा रहे हैं।
भिवाड़ी के एडीएम सुमित्रा मिश्र ने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य परियोजना को शीघ्र पूर्ण करके संचालन में लाना है, ताकि शहर की जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ हो और नागरिकों को राहत मिले। अधिकारियों द्वारा निरंतर निरीक्षण एवं समीक्षा के माध्यम से कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि यह परियोजना न केवल जल भराव की समस्या के समाधान में सहायक होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता सुधार और सतत विकास के लक्ष्यों को भी मजबूती प्रदान करेगी। परियोजना पूर्ण होने के उपरांत भिवाड़ी शहर में स्वच्छ एवं व्यवस्थित सीवरेज प्रबंधन प्रणाली स्थापित होगी, जिससे आमजन को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित