अलवर , फरवरी 18 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी के खुशखेड़ा में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस समिति ने मिनी सचिवालय पर विरोध प्रदर्शन किया।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी ज्ञापन देने के लिए मिनी सचिवालय पहुंचे, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं मिले। अधिकारियों की गैरमौजूदगी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया। काफी देर इंतजार के बाद भी जब कोई अधिकारी बाहर नहीं आया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मिनी सचिवालय की सीढ़ियों पर बैठ गये और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी।

धरने के बाद अंततः प्रशासनिक अधिकारियों ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान भिवाड़ी अग्निकांड में मृतकों के परिवारों को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गयी।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि जिस तरह राजस्थान के मुख्यमंत्री ने मृतक परिवारों को मात्र तीन-तीन लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है, वह ऊंट के मुंह में जीरा समान है। उन्होंने कहा कि इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिवार को कम से कम 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए।

श्री गंगावत ने अलवर जिले में स्थित सभी औद्योगिक इकाइयों और फैक्ट्रियों की सुरक्षा जांच की मांग भी उठायी। उन्होंने कहा कि अभी जिले में कई ऐसी फैक्ट्रियां हैं, जहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित