रायपुर , जनवरी 16 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारू परिचालन के लिए छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टेशन पर एक दिवसीय संरक्षा सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में परिचालन, यांत्रिक, सिगनल और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न विभागों के 62 कर्मचारियों और सुपरवाइजरों ने हिस्सा लिया।
सेमिनार के दौरान तकनीकी सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। कर्मचारियों को सिगनल पासिंग एट डेंजर से बचाव, ऑटोमेटिक सिगनलिंग फेल होने पर बरती जाने वाली सावधानियों और ओएचई के नीचे काम करने के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने फील्ड कर्मचारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपायों और कार्यस्थल पर संरक्षा बनाए रखने का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान आग से बचाव के लिए अग्निशामक यंत्रों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। साथ ही प्राथमिक उपचार पेटी के उपयोग और ट्रैक फिटिंग्स के उचित रखरखाव के बारे में भी बताया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित