दुर्ग/भिलाई , फरवरी 11 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई के सेक्टर-8 क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 50 वर्षीय महिला का जला हुआ शव उसके घर के बाथरूम से बरामद किया गया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या और हत्या दोनों ही एंगल से जांच की जा रही है।
पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार भिलाई सेक्टर-8 निवासी रंजना देवांगन घर में ट्यूशन पढ़ाने का कार्य करती थीं। कल शाम करीब 4:20 बजे पड़ोसियों ने घर से धुआं उठता देखा और मांस जलने की बदबू महसूस की। इसके बाद उन्होंने तत्काल महिला के बेटे राहुल और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाथरूम से महिला का जला हुआ शव बरामद किया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रथम दृष्टया पुलिस ने आग से जलने के कारण मृत्यु होना बताया है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटनास्थल से माचिस की तीली और ज्वलनशील पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। वहीं, पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि यह आत्महत्या का मामला है तो इसके पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पड़ोसियों के अनुसार, रंजना देवांगन का परिवार शिक्षित और सामान्य था। उनके दो बेटे हैं, जो नौकरी करते हैं। परिवार में किसी प्रकार के तनाव की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित