भिण्ड , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के भिण्ड देहात थाना क्षेत्र में आज हुए एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। चंदनपुरा के पास देवभूमि मैरिज गार्डन के नजदीक एक स्कूल बस ने युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम कर दी। पुलिस की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खुल सका।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान प्रिंस भाटिया (18) निवासी मिश्रनपुरा के रूप में हुई है। प्रिंस अपने घर से बाजार की ओर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान चंदनपुरा के पास सामने से आ रही स्कूल बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बस का पहिया युवक के सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और परिजनों को सूचना दी गई। कुछ ही देर में परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की दर्दनाक मौत से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलने पर भिण्ड देहात थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाइश दी और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोला गया। इधर, हादसे के बाद भाग रही स्कूल बस को पुलिस ने पकड़ लिया है और बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिण्ड जिला चिकित्सालय भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, स्कूल बस को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित