भिण्ड , अप्रैल 9 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड शहर के भीमनगर क्षेत्र में सिलाई सेंटर पर बैठी एक महिला को बाइक सवार बदमाश ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 45 वर्षीय नीलम जाटव अपने सिलाई सेंटर पर बैठी थी, तभी बाइक पर सवार होकर आए आरोपी ने कट्टे से फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले में एक गोली महिला के पेट में जा लगी और आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल महिला को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और जिला अस्पताल में महिला के बयान दर्ज किए।
पीड़िता ने हमलावर की पहचान मजनू ओझा के रूप में की है और हमले के पीछे पुरानी रंजिश बताई है। डॉक्टरों के अनुसार गोली अभी भी महिला के पेट में फंसी हुई है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते उसे बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित