भिण्ड , फरवरी 23 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार अनुभाग अंतर्गत दबोह क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे उसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने लहार थाने के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश कुरचानिया निवासी वार्ड क्रमांक 15, दबोह के रूप में हुई है। बताया गया कि वह शनिवार देर शाम शराब ठेके के सामने सड़क पर गिरा मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने देखा कि उसकी पीठ में गोली लगी थी। सूचना मिलने पर दबोह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को लहार सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान रात में उसने दम तोड़ दिया।

घटनास्थल से पुलिस को मृतक के पैरों के पास एक अवैध कट्टा भी मिला, जिसे जब्त कर लिया गया है। साथ ही युवक का मोबाइल फोन और हेडफोन भी बरामद हुआ है।

पुलिस का कहना है कि मृतक आपराधिक प्रवृत्ति का था और उसका कई लोगों से विवाद चल रहा था। उसके खिलाफ पूर्व में प्रकरण भी दर्ज बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित