भिण्ड , अप्रैल 11 -- मध्यप्रदेष के भिण्ड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के खिरिका गांव निवासी नीलेश जाटव की दो दिन पहले अज्ञात बाइक सवारों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड का पुलिस ने आज खुलासा करते हुए चौंकाने वाला सच सामने लाया है। मामले में मृतक की पत्नी ही साजिशकर्ता निकली जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिलाया।
भिण्ड एसपी असित यादव ने आज शाम को प्रेसवार्ता में बताया कि नीलेश अपनी पत्नी रूबी और तीन साल की बेटी के साथ भिण्ड आया हुआ था। रात करीब साढ़े आठ बजे वह बाइक से गांव लौट रहा था। इसी दौरान महिला ने भिण्ड से निकलते ही अपने प्रेमी विशाल जाटव को मैसेज कर रमटा गांव के पास मिलने का इशारा दे दिया। जैसे ही दंपती चंबल के बीहड़ इलाके में पहुंचे महिला ने योजना के तहत अपना पर्स सड़क पर गिरा दिया और पति से पर्स उठाने के लिए बाइक रुकवा ली। नीलेश जैसे ही रुका महिला अपनी बेटी को लेकर सड़क किनारे खड़ी हो गई। तभी पीछे से आए विशाल जाटव और उसका साथी राजेश कुशवाहा ने नीलेश की पीठ में गोली मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने परिजनों और रिश्तेदारों को अज्ञात बदमाशों द्वारा लूट के प्रयास में हत्या की झूठी कहानी सुनाई। मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों के बीच प्रेमी विशाल भी मौजूद रहा जिससे किसी को संदेह नहीं हुआ। पुलिस को महिला के बयान पर संदेह हुआ क्योंकि उसने बताया कि बदमाशों ने पहले गोली मारी और फिर लूट का प्रयास किया लेकिन बिना कुछ लूटे ही भाग गए। इसके बाद पुलिस ने महिला का मोबाइल खंगाला जिसमें घटना से कुछ मिनट पहले विशाल से बातचीत के साक्ष्य मिले। कॉल डिटेल में भी दोनों के बीच लगातार संपर्क पाया गया।
जब पुलिस ने विशाल की लोकेशन खंगाली तो वह घटना स्थल के आसपास ही पाई गई। संदेह पुख्ता होने पर पुलिस ने विशाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसमें उसने पूरी साजिश कबूल कर ली। इसके बाद महिला रूबी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने भी प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की योजना बनाने की बात स्वीकार कर ली।
जांच में सामने आया कि रूबी का अपने जीजा के छोटे भाई विशाल से शादी से पहले से ही प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी दोनों संपर्क में रहे। मृतक नीलेश को इस संबंध की जानकारी हो गई थी और वह इसका विरोध करता था। इसी बात से परेशान होकर महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी रूबी जाटव और विशाल जाटव को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। जबकि तीसरे आरोपी राजेश कुशवाहा की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित