भिण्ड , फरवरी 5 -- मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए भिण्ड जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने बुधवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सबसे पहले पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नयागांव का निरीक्षण किया। यहां परीक्षा कक्षों में फर्नीचर, टेबल-कुर्सी, सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था तथा विद्यालय परिसर की बाउंड्री वॉल का निरीक्षण किया गया। एक स्थान पर बाउंड्री वॉल की ऊंचाई कम पाए जाने पर सुरक्षा की दृष्टि से तार फेंसिंग लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में संचालित कक्षाओं का भ्रमण भी किया। कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक तैयारियों की जानकारी ली और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास बनाए रखने के सुझाव दिए।
इसके बाद कलेक्टर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ऊमरी पहुंचे, जहां परीक्षा केंद्र की समस्त व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। यहां कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों से चर्चा कर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया तथा उन्हें मेहनत, लगन और एकाग्रता के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित