भिण्ड , अप्रैल 11 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले के कल्याणपुरा गांव में एक साल पहले रिटायर्ड फौजी हरिदास शर्मा की पत्नी सुशीला शर्मा की हत्या का मामला अब तक अनसुलझा है। अज्ञात बदमाशों ने हत्या के साथ ही घर में चोरी की वारदात को भी अंजाम दिया था लेकिन लंबे समय बीतने के बावजूद पुलिस किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है।

पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को पूर्व सैनिकों के साथ प्रेस वार्ता कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। परिवार का कहना है कि एक साल बाद भी जांच में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई और न ही हत्यारों की गिरफ्तारी हो सकी है। जिससे उनमें आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रिटायर्ड फौजी हरिदास ने भावुक होते हुए कहा कि उनके ही घर में उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई लेकिन उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला। उन्होंने बताया कि वे कई बार थाने और अधिकारियों के चक्कर काट चुके हैं लेकिन हर बार केवल जांच जारी होने की बात कहकर टाल दिया जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन लोगों पर संदेह है उनसे भी पुलिस प्रभावी पूछताछ नहीं कर रही है। उनका कहना है कि एक महिला की हत्या के मामले में इतनी धीमी जांच बेहद चिंताजनक है।

पीडित हरिदास ने चेतावनी दी है कि यदि 15 अप्रैल तक मामले का खुलासा नहीं हुआ तो वे परिवार सहित भिण्ड पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने आत्मदाह करेंगे। उन्होंने कहा कि 15 अप्रैल उनकी पत्नी की पुण्यतिथि है और यदि तब तक न्याय नहीं मिला तो उनके पास कोई विकल्प नहीं बचेगा। वहीं उनके बेटे ने भी पुलिस पर केस को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो पुलिस ने इस मामले की फाइल बंद कर दी हो।

प्रेस वार्ता में मौजूद पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 अप्रैल को बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एसपी कार्यालय का घेराव कर न्याय की मांग करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित