भिण्ड , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में गर्मी विकराल रूप लेने लगी है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं, वहीं रात का तापमान भी लगातार बढ़ने से राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में लू चलने की स्थिति बन सकती है।

जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है। 16 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा रहने लगा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

रात के तापमान में भी बढ़ोतरी के कारण लोगों को राहत नहीं मिल रही है। न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने से नींद प्रभावित हो रही है और लोग कूलर-पंखों का सहारा लेने को मजबूर हैं।

तेज धूप और संभावित लू से बचने के लिए लोग पूरे शरीर को ढककर घर से निकल रहे हैं। युवतियां दुपट्टा और स्टॉल का उपयोग कर रही हैं, वहीं युवा तौलिया या कपड़ा बांधकर चल रहे हैं। महिलाएं भी बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए सावधानी बरत रही हैं।

जिला स्वास्थ्य समिति ने लू और तापघात को लेकर अलर्ट जारी किया है। सीएमएचओ डॉ. जेएस यादव ने बताया कि बढ़ती गर्मी के कारण लू लगने का खतरा बढ़ गया है। लोगों को दोपहर में घर में रहने, ठंडे स्थान पर रहने और अधिक तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है।

गर्मी बढ़ने के साथ ही जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। वायरल बुखार और डिहाइड्रेशन के मरीज अधिक आ रहे हैं, जिससे अस्पताल में दबाव बढ़ गया है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर में भारी काम से बचने, हल्के रंग के कपड़े पहनने, सिर ढककर रखने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। साथ ही नींबू पानी, छाछ, लस्सी, आम पना और नारियल पानी जैसे पेय पदार्थों के सेवन की भी सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित