भिण्ड , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में खनिज विभाग की टीम पर माफिया द्वारा दबाव बनाने और पीछा करने का मामला सामने आया है। हालात बिगड़ने पर पुलिस की मदद से टीम को सुरक्षित निकाला गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जिला खनिज अधिकारी पंकज ध्वज मिश्रा अपनी टीम के साथ गोहद अनुभाग के चितौरा-मौ मार्ग पर देर रात जांच कर रहे थे। इसी दौरान गिट्टी से भरा एक डंपर रोका गया, जो ओवरलोड पाया गया। वाहन पर नंबर प्लेट नहीं थी और चेसिस नंबर भी स्पष्ट नहीं था, जिससे मामला संदिग्ध लगा।

खनिज विभाग ने डंपर को जब्त कर झांकी चौकी में खड़ा कराया। इस दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और टीम से विवाद करते हुए वाहन छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन अधिकारी ने सख्ती बरतते हुए डंपर को पुलिस सुरक्षा में रखवाया।

इसके बाद जब टीम आगे बढ़ी तो कुछ लोगों ने दो-तीन वाहनों में सवार होकर करीब चार किलोमीटर तक उनका पीछा किया। स्थिति को देखते हुए टीम वापस लौटी और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टीम को सुरक्षा प्रदान की और चितौरा मार्ग तक सुरक्षित एस्कॉर्ट किया। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी है। खनिज अधिकारी ने बताया कि जब्त डंपर ओवरलोड था और उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी। दस्तावेजों में गड़बड़ी और गलत रूट की आशंका के चलते कार्रवाई की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित