भिण्ड , दिसंबर 17 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद स्थित शासकीय वेयरहाउस में पीडीएस के गेहूं की बोरियों पर देर रात पानी का छिड़काव करते पकड़े जाने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने मौके पर छापामार कार्रवाई कर पानी छिड़कने में उपयोग हो रहे मोटर और ड्रम जब्त कर लिए, वहीं गोदाम के संबंधित कक्ष को सील कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भिण्ड जिला मुख्यालय से तीन सदस्यीय जांच दल गोहद पहुंच गया है।
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रामबिहारी सिंह तोमर ने बताया कि इसी वेयरहाउस से उचित मूल्य की दुकानों पर राशन का गेहूं सप्लाई किया जाता है। बीते कुछ दिनों से खराब गेहूं मिलने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। मुखबिर की सूचना पर देर रात छापा मारा गया, जहां गेहूं की बोरियों पर पानी का छिड़काव करते हुए कर्मचारी पाए गए। मौके पर पंचनामा बनाकर मोटर और ड्रम जब्त किए गए तथा कमरे को सील कर दिया गया।
मामले की जांच के लिए आज भिण्ड से तीन अधिकारियों की टीम गोहद वेयरहाउस पहुंची है। जांच दल में नागरिक आपूर्ति विभाग के जिला अधिकारी राजेश चौधरी, वेयरहाउस लॉजिस्टिक्स के अधिकारी राकेश सिंह भदौरिया तथा खाद्य आपूर्ति विभाग की कनिष्ठ अधिकारी ज्योति थानेश्वर शामिल हैं। टीम द्वारा गेहूं की गुणवत्ता और छिड़काव के उद्देश्य की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, जिसके बाद यह स्पष्ट होगा कि यह नियम विरुद्ध पानी का छिड़काव था या किसी कीटनाशक प्रक्रिया का हिस्सा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित