भिण्ड , जनवरी 21 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में सिंध नदी के तटवर्ती इलाके हाल ही में मगरमच्छों की बढ़ती संख्या के कारण चिंता का विषय बन गए हैं। रोहनी सिंहपुरा गांव के पास नदी किनारे एक साथ बड़ी संख्या में मगरमच्छ धूप सेंकते नजर आए, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल है।

ग्रामीण रामेंद्र सिंह ने बताया कि गांव के आसपास लगभग 20 से 25 मगरमच्छ देखे गए हैं, जो अब पानी से बाहर आकर तट पर भी दिखाई दे रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर लोग नदी किनारे नहीं जा रहे हैं और पशुपालक भी अपने मवेशियों को पानी पिलाने से रोक रहे हैं। बच्चों और महिलाओं को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

वन विभाग और पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सावधानी रखने और किसी भी घटना की तुरंत सूचना देने की अपील की है। पिछले तीन वर्षों में सिंध नदी में मगरमच्छों की तादाद तेजी से बढ़ी है। इससे पहले नारदा घाट, केसवगढ़, इंदूर्खी और घटपटपुर क्षेत्र में भी मगरमच्छ देखे जा चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित