पटना , दिसंबर 17 -- बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बुधवार को कहा कि भिखारी ठाकुर के नाटक आज भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मनोरंजन और सांस्कृतिक आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।
डॉ. कुमार ने भोजपुरी के शेक्सपियर कहे जाने वाले कवि, गीतकार, नाटककार, नाट्य निर्देशक, लोक संगीतकार एवं लोक कलाकार भिखारी ठाकुर की जयंती के अवसर पर उन्हें कोटिशः नमन करते हुए भावांजलि अर्पित की और कहा कि श्री ठाकुर के प्रसिद्ध लोकनाट्य शैली में बनी फ़िल्म 'बिदेसिया' ने भोजपुरी रंगमंच और सिनेमा को एक नई दिशा दी थी। उन्होंने कहा कि श्री ठाकुर की रचनाएं आम बोलचाल और सहज, सरल लोकभाषा में सृजित हैं, जिनमें स्त्रियों के मनोभाव, वियोग और व्यथाओं का सजीव चित्रण मिलता है।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भिखारी ठाकुर ने 'गबरघिचोर', 'बेटी बेचवा' सहित अनेक प्रसिद्ध नाटकों की रचना की, जो समाज के यथार्थ और जनजीवन से गहराई से जुड़े हैं। लोक विधा और लोक कला के क्षेत्र में उनका योगदान अनगिनत कलाकारों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित