भिंड , फरवरी 04 -- मध्यप्रदेश के भिंड जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है।
आज सुबह जिले की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। तापमान में गिरावट दर्ज की गई और दृश्यता काफी कम हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, ठंड और कोहरे का असर दिनभर बना हुआ है।
इसके पहले कल जिले में बादल छाए रहे थे। हल्की बारिश हुई और बीच-बीच में धूप भी खिली, लेकिन रात होते-होते मौसम ने फिर करवट ली और सुबह घना कोहरा छा गया। आज सुबह आसमान पर चारों ओर घने कोहरे की चादर तनी नजर आई। सुबह होते ही सड़कों, खेतों और खुले इलाकों में कोहरे का असर साफ दिखाई दिया।
मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिला। बीते रोज न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि आज सुबह तापमान गिरकर करीब 8.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर का अधिकतम तापमान करीब 20.5 डिग्री सेल्सियस है। इसके बावजूद ठंड का असर दिनभर बना रह सकता है। जिले में आज आर्द्रता का स्तर 89 प्रतिशत दर्ज किया गया है। हवाएं 5 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं, जिससे ठंड और अधिक महसूस की जा रही।
घने कोहरे के कारण दृश्यता पर भी असर पड़ा। सुबह करीब 8 बजे विजिबिलिटी घटकर मात्र 20 मीटर रह गई थी, जो कुछ समय बाद बढ़कर लगभग 50 मीटर तक पहुंची। कोहरे की बूंदें हल्की फुहार के रूप में गिरती नजर आईं। सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने और अतिरिक्त सावधानी बरतनी पडी।
मौसम के इस बदले मिजाज से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। जिन फसलों में दाना पड़ चुका है और हाल की बारिश के कारण फसल लेट हो गई है, उनमें दाना पतला होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि चंबल संभाग में हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि का असर अब फसलों पर दिखाई देने लगा है।
ठंड बढ़ने के चलते लोग अलाव जलाकर और गर्म कपड़े पहनकर ठंड से बचाव कर रहे हैं। सुबह और देर शाम सड़कों पर अलाव तापते लोग नजर आए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित