अमृतसर , अप्रैल 13 -- पंजाब में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने जिला फरीदकोट पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर के साथ एक संयुक्त अभियान में भिंडी सैदा पुलिस स्टेशन पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले को सुलझा लिया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से दो पिस्तौल बरामद की गयी हैं। गिरफ्तार किये गये व्यक्तियों की पहचान बलजीत सिंह (निवासी गांव चक डोगरा, अमृतसर), प्रभ सिंह (निवासी छोटा फतेहवाल, अमृतसर), राजबीर सिंह (निवासी बाबा गुम चक बल्लरवाल, अमृतसर), सुखप्रीत सिंह (निवासी थेहड़ा राजपूतां, अमृतसर), अजयदीप सिंह उर्फ अजय उर्फ गजनी (निवासी लोपोके, अमृतसर) और साहिब सिंह उर्फ साबा (निवासी सारंगदेव, अमृतसर) के तौर पर हुई है।

श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इस मॉड्यूल को पाकिस्तान की आईएसआई का समर्थन प्राप्त था। उन्होंने कहा कि आरोपी विदेश से काम कर रहे एक पाक आधारित हैंडलर के संपर्क में थे,जो पंजाब में आतंकवादी गतिविधियों को निर्देशित कर रहा था। उन्होंने बताया कि इस मॉड्यूल को कट्टरपंथी बनाया गया था और पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए प्रेरित किया गया था, साथ ही हमले को अंजाम देने के लिए भारी वित्तीय इनाम का वादा भी किया गया था।

डीआईजी ( बॉर्डर रेंज) संदीप गोयल ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आयी है कि आरोपी बलजीत सिंह और प्रभ सिंह ने घरिंडा के पास एक स्थान से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किये थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों से बड़ी रकम का वादा किया गया था, लेकिन अंततः पाकिस्तानी हैंडलर द्वारा हमले को अंजाम देने के लिए केवल मामूली राशि ही दी गयी।

ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए, एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस के साथ एक खुफिया जानकारी आधारित अभियान में, पुलिस टीमों ने भिंडी सैदा थाना ग्रेनेड हमले में शामिल दो मुख्य आरोपियों को फरीदकोट से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि बाद में जांच के दौरान अमृतसर से चार और लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी अमृतसर ग्रामीण सुहैल कासिम मीर ने और विवरण देते हुए बताया कि घटना के दिन, तीनों आरोपी बलजीत सिंह, प्रभ सिंह और राजबीर सिंह,मोटरसाइकिल पर सवार होकर भिंडी सैदा थाने की ओर बढ़े। उन्होंने थाने से लगभग 1-2 किलोमीटर दूर पास के खेतों में अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की और कृषि क्षेत्रों के रास्ते पैदल ही थाने के पिछले हिस्से तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोपी बलजीत सिंह और प्रभ सिंह ने पुलिस स्टेशन पर हैंड ग्रेनेड फेंके, जबकि आरोपी राजबीर सिंह ने पूरी घटना को रिकॉर्ड किया। हमले को अंजाम देने के बाद, आरोपी फिर से खेतों के रास्ते चले गये और लगभग तीन से चार घंटे तक गेहूं की फसलमें छिपे रहे।

एसएसपी ने कहा कि आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए थाने से करीब एक किलोमीटर दूर एक नाले में अपने कपड़े फेंक दिए और सुबह करीब पांच बजे अपनी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गये। इस संबंध में पुलिस स्टेशन भिंडी सैदा में एफआईआर दर्ज की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित