ऋषिकेश , फ़रवरी 05 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में गुरुवार को जंगल में घास लेने गई जनपद पौड़ी की ग्राम खंडूली निवासी ज्योति देवी भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके स्वास्थ्य के हालचाल जानने के लिए उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश पहुंचे और घायल महिला तथा उनके परिजनों से मुलाकात की।
श्री गोदियाल ने डॉक्टरों से बातचीत कर चोटों की गंभीरता के बारे में जानकारी ली और परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भालू हमलों की लगातार बढ़ती घटनाएँ बेहद गंभीर और चिंताजनक हैं। ये घटनाएँ केवल हादसे नहीं हैं, बल्कि राज्य सरकार की लापरवाही, कमजोर वन्यजीव प्रबंधन और विफल प्रशासन का प्रत्यक्ष परिणाम हैं।
उन्होंने कहा कि पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्र अब रोज़ाना डर के साए में जीने को मजबूर हैं। महिलाएँ, बच्चे और बुज़ुर्ग सुरक्षित नहीं हैं, लेकिन सरकार ने अभी तक प्रभावी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए। न तो संवेदनशील इलाकों की पहचान हुई और न ही समय रहते सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मांग है कि प्रभावित परिवारों को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए, घायलों का संपूर्ण इलाज सरकार के खर्च पर हो, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए, पिंजरे और चेतावनी तंत्र लगाए जाएँ और स्थानीय लोगों को सुरक्षा के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने चेताया कि अगर सरकार अब भी नहीं चेती, तो हालात और भयावह होंगे।
इस दौरान कांग्रेस नेता जयेन्द्र रमोला, व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, एनएसयूआई अध्यक्ष हिमांशु जाटव, युंका नेता हिमांशु कश्यप सहित कई स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित