टिहरी , दिसंबर 16 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के विकासखंड भिंलंगना के थाती बूढ़ाकेदार क्षेत्र में भालू का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।
सोमवार देर रात तित्ररूणा गांव में दिनेश रावत की गाय को भालू ने गोशाले का दरवाजा तोड़कर अंदर ही मार डाला। बताया गया कि दिनेश रावत एक सप्ताह पहले ही उक्त गाय को खरीदकर लाए थे।
ग्रामीण शिब सिंह श्रीकोटी ने बताया कि रात करीब आठ बजे गोशाला से गाय के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। जब तक ग्रामीण हल्ला मचाते हुए मौके पर पहुंचे, तब तक भालू गाय को मार चुका था। ग्रामीणों के शोर-शराबे के बाद बड़ी मुश्किल से भालू को गांव से भगाया जा सका।
इसी रात थाती बूढ़ाकेदार के कुंडी गांव में भी भालू ने गुड्डू पवार के बैल को मार गिराया, जबकि एक गाय को घायल कर दिया। साथ ही गाय के बछड़े को गोशाले के अंदर मारकर अपने साथ ले गया। वहीं, ग्रामीण द्रव्यान सिंह नेगी ने बताया कि शुक्रवार रात भेटी गांव में भी भालू ने आसमान सिंह राणा की गाय को गोशाले के अंदर ही मार डाला था।
लगातार हो रही इन घटनाओं से थाती बूढ़ाकेदार एवं बासर पट्टी के कई गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार भालू लगभग हर दिन किसी न किसी गांव में पशुओं को अपना शिकार बना रहा है।
सं उप्रेतीवार्तावहीं आज सुबह राजस्व ग्राम गोफल गांव के समीप एक भालू और उसके दो शावकों को गांव के नजदीक घूमते हुए देखा गया, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। जैसे-जैसे पहाड़ों में सर्दियों का मौसम शुरू हो रहा है, वैसे-वैसे भालू और गुलदार की सक्रियता भी बढ़ती जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित