नयी दिल्ली , मई 08 -- भारत और कनाडा ने आपस में व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सेपा) के लिए बातचीत का दूसरा दौर सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया है और परस्पर लाभदायक समझौते के लिए बातचीत को जारी रखने पर प्रतिबद्धता जतायी है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार यह बातचीत राजधानी में 4-8 मई तक चली जिसकी मेज़बानी भारत सरकार के वाणिज्य विभाग ने की। दोनों पक्षों ने इस वर्ष दो मार्च को दोनों देशों के व्यापार मंत्रियों द्वारा तय 'संदर्भ की शर्तों' के अनुसार बातचीत की और इसे रचनात्मक तथा सार्थक बताया गया।
विज्ञप्ति में कहा गया है, ' बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच रचनात्मक और सार्थक जुड़ाव देखने को मिला। भारत और कनाडा ने एक संतुलित, महत्वाकांक्षी और पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते को आगे बढ़ाने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया, जिसका उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को मज़बूत करना है।' इस पांच दिन की गहन चर्चाओं में वस्तुओं का व्यापार, सेवाओं का व्यापार, बौद्धिक संपदा, उत्पादन के मूल स्थान के नियमों, स्वच्छता और पादप-स्वच्छता उपायों तथा व्यापार में तकनीकी बाधाएँ जैसे मुद्दों पर बातचीत की गयी।
वाणिज्य विभाग ने कहा है, 'दोनों पक्ष रचनात्मक और सहयोगात्मक भावना के साथ बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए हैं और उन्हें चर्चाओं के अगले दौर का बेसब्री से इंतज़ार है जो जुलाई 2026 में ओटावा, कनाडा में आयोजित होने वाला है। इस बीच सत्रों के बीच भी बातचीत जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित