नयी दिल्ली , जनवरी 28 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) की सफल यात्रा की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए यह ऐतिहासिक छलांग है और इससे देश अपने स्वदेशी स्पेस स्टेशन की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

श्रीमती मुर्मु ने बुधवार को बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अब स्पेस टूरिज्म के भी करीब पहुंच रहा है। उन्होंने एक्सिओम-4 मिशन के तहत आईएसएस की यात्रा करने वाले शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि शुभांशु शुक्ला का इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचना एक ऐतिहासिक यात्रा की शुरुआत है। आने वाले वर्षों में भारत अपना स्वयं का स्पेस स्टेशन स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि आज स्पेस टूरिज्म भी भारत की पहुंच से दूर नहीं रह गया है और युवा अंतरिक्ष यात्रियों की उपलब्धियां देश को अंतरिक्ष क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित