कोलकाता , फरवरी 28 -- कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत-वेस्टइंडीज के बीच आईसीसी पुरुष टी20 क्रिकेट विश्व कप 2026 के मैच में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए दर्शकों की आवागमन की सुविधा के लिए कोलकाता मेट्रो विशेष सेवाएं संचालित करेगी।

मेट्रो अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

भारत-वेस्टइंडीज की टीमों के बीच इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले को वस्तुतः क्वार्टर फाइनल माना जा रहा है। यह मैच एक मार्च 2026 को शहर के मध्य जिले एस्प्लेनेड स्थित प्रतिष्ठित ईडन गार्डन्स में आयोजित होने वाला है। मैच शाम सात बजे शुरू होगा और रात 10:30 बजे तक समाप्त होने की संभावना है। मैच खत्म होने के बाद क्रिकेट प्रशंसकों के लिए परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए मेट्रो अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों पर देर रात तक विशेष सेवाओं की योजना बनायी है। मैच खत्म होने के बाद ब्लू लाइन पर दो विशेष मेट्रो ट्रेनें चलेंगी। ब्लू लाइन सुदूर दक्षिण में शहीद खुदीराम से लेकर उत्तर 24 परगना के दक्षिणेश्वर तक फैली हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित