पटना , फरवरी 17 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने मंगलवार को बताया कि 'भारत-विस्तार' बहुभाषी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित उन्नत डिजिटल मंच है, जो एग्रीस्टैक पोर्टलों तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की ओर से अनुशंसित कृषि पद्धतियों को एकीकृत कर किसानों को समेकित, सटीक, वैज्ञानिक एवं समयानुकूल परामर्श उपलब्ध कराएगा।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में जयपुर से 'भारत-विस्तार' कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने पटना स्थित कृषि भवन सभागार से वेबकास्ट के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए राज्य की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।यह पहल देश में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने तथा कृषि क्षेत्र में एआई आधारित नवाचारों को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
कृषि मंत्री श्री यादव ने बताया कि 'भारत-विस्तार' की घोषणा केंद्रीय बजट 2026-27 में की गई थी। उन्होंने कहा कि यह एक बहुभाषी, एआई आधारित उन्नत डिजिटल मंच है, जो एग्रीस्टैक पोर्टलों तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) द्वारा अनुशंसित कृषि पद्धतियों को एकीकृत कर किसानों को समेकित, सटीक, वैज्ञानिक एवं समयानुकूल परामर्श उपलब्ध कराएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित