नयी दिल्ली , अप्रैल 16 -- भारत और रुस के प्रतिनिधियों में इस्पात उद्योग के क्षेत्र में, विशेष रूप से कच्चे माल की आपूर्ति, मशीनरी और अनुसंधान के क्षेत्र में परस्पर सहयोग बढ़ाने के विषय में चर्चा के लिए गुरुवार को राजधानी में एक गोल मेज बैठक में भाग लिया । इस बैठक में सहयोग के वर्तमान पहलुओं की समीक्षा भी की गयी।

इस्पात मंत्रालय में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता इस्पात सचिव मंत्रालय के सचिव संदीप पौंड्रिक और रूस के उद्योग एवं व्यापार उप मंत्री मिखाइल यूरिन ने संयुक्त रूप से की। इस्पात मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार इस चर्चा में शामिल रूसी प्रतिनिधिमंडल में वहां के इस्पात उद्योग और संबंधित क्षेत्रों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

मंत्रालय ने कहा है कि इस बैठक ने इस्पात क्षेत्र में आपसी हित के मामलों पर रचनात्मक जुड़ाव और विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक मंच प्रदान किया। चर्चा में शामिल मुद्दों में कच्चे माल की आपूर्ति, तकनीकी सहयोग, उपकरणों का निर्माण और अनुसंधान के अवसर से जुड़े विषय प्रमुख थे।दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित