नयी दिल्ली, सितंबर 29 -- भारत में विदेशी सैलानियों की संख्या कहीं अधिक तेजी से बढ़ रही है और वैश्विक अनुपात के अनुरूप देश में हर 10 में एक व्यक्ति को इस क्षेत्र में रोजगार मिल रहा है।

पर्यटन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में देश में विदेशी सैलानियों की संख्या 8.89 प्रतिशत बढ़कर 2024 में 205.7 लाख पर पहुंच गयी। वहीं, 2019 से 2024 तक देश में विदेशी सैलानियों की संख्या में 14.85 प्रतिशत की इजाफा हुआ है। इन पांच वर्षों में वैश्विक स्तर पर सैलानियों की संख्या 0.07 प्रतिशत घट गयी। यूरोप में महज 1.59 प्रतिशत की वृद्धि हुई। एशिया प्रशांत क्षेत्र (भारत सहित) में 12.32 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी। अमेरिका महादेश में इसमें 1.23 फीसदी की गिरावट देखी गयी। उत्तरी अमेरिका में पर्यटकों की संख्या में पांच साल में 4.43 प्रतिशत की कमी आयी है जिसमें अमेरिका और कनाडा भी आते हैं। अफ्रीका में पर्यटक 7.41 प्रतिशत अधिक हो गये।

पश्चिम एशिया (41.35 प्रतिशत) का क्षेत्र ही ऐसा रहा जहां भारत की तुलना में पर्यटकों की संख्या ज्यादा तेजी से बढ़ी है।

रोजगार की बात करें तो विश्व बैंक के मुताबिक दुनिया में हर 10 से एक व्यक्ति यानी 10 प्रतिशत पर्यटन के क्षेत्र में काम करता है। यही स्थिति भारत में भी है।

मंत्रालय के अनुसार, इस क्षेत्र में सीधे और परोक्ष रूप से लगभग 8.5 करोड़ लोगों को रोजगार मिला हुआ है जो देश के कुल कार्यबल का 10 प्रतिशत है। देश की 140 करोड़ की आबादी में करीब 65 प्रतिशत (लगभग 90 करोड़) काम करने की उम्र में है।

देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में इस क्षेत्र का योगदान पांच प्रतिशत से अधिक है। पर्यटन से राजस्व के मामले में विदेशी सैलानियों से प्राप्त वैश्विक राजस्व का 2.02 प्रतिशत भारत की झोली में आता है। घरेलू पर्यटकों की बात करें तो वर्ष 2024 में इनकी संख्या रिकॉर्ड 294.82 करोड़ पर पहुंच गयी।

देश के विविधतापूर्ण भूगोल एवं प्राकृतिक संपदा, समृद्ध इतिहास तथा दुनिया की सबसे बड़ी आबादी को देखते हुये अब भी पर्यटन के क्षेत्र में विकास की बड़ी संभावना है। भारत इस समय 20वें स्थान पर है। हालांकि कोविड-19 के दौरान 2020 में भारत 19वें, 2021 में 18वें और 2022 में 17वें स्थान पर आ गया था, लेकिन 2023 और 2024 में लगातार दो साल 20वें स्थान पर रहा है। महामारी से पहले 2019 में देश 24वें पायदान पर था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित