राजगीर , फरवरी 19 -- ेंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को कहा कि भारत में अल्पसंख्यक समुदाय पूरी तरह सुरक्षित हैं। श्री रिजीजू ने राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय चिंतन शिविर के अंतिम दिन पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार देश के मुस्लिम, ईसाई, सिख, बौद्ध, जैन और पारसी समुदायों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अमेरिका जैसे देश की कुल जनसंख्या से भी अधिक संख्या भारत के अल्पसंख्यक समुदाय की है। अल्पसंख्यक समुदाय का विकास बाधित रहेगा तो विकसित भारत का लक्ष्य अधूरा रह जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र "सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास" का उल्लेख करते हुए कहा कि यही सरकार की कार्यशैली का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि इस मंत्र के माध्यम से सरकार सभी समुदायों को साथ लेकर आगे बढ़ने की दिशा में कार्य कर रही है।
श्री रिजिजू ने कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना और जमीनी स्तर पर लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य रहा है।
इस अवसर पर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन, बिहार सरकार के मंत्री जमा खान सहित कई राज्यों के अल्पसंख्यक मंत्री एवं अधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित