लखनऊ , फरवरी 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का विरोध किए जाने की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को धूमिल करने का सुनियोजित प्रयास है।
श्री चौधरी ने कहा कि जब पूरा विश्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की तकनीकी प्रगति, नवाचार और वैश्विक भूमिका की सराहना कर रहा है, तब कांग्रेस द्वारा ऐसे आयोजनों में व्यवधान उत्पन्न करना दुर्भाग्यपूर्ण और गैर-जिम्मेदाराना है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना पूर्व नियोजित थी और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की मंशा से की गई।
उन्होंने कहा कि 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' भारत की तकनीकी क्षमता और नवाचार शक्ति का प्रतीक है, जिसमें 100 से अधिक देशों की भागीदारी और अनेक वैश्विक प्रतिनिधियों की उपस्थिति भारत के बढ़ते प्रभाव को दर्शाती है। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन में बाधा डालना राष्ट्रहित के विरुद्ध है।
श्री चौधरी ने कांग्रेस से इस घटना पर देश से माफी मांगने की मांग की और कहा कि राष्ट्रहित के मुद्दों पर राजनीति से ऊपर उठकर जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और देश की तकनीकी एवं वैश्विक प्रतिष्ठा को और मजबूत किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित