नयी दिल्ली , मार्च 19 -- राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को शुरू हुए भारत बिजली सम्मेलन, 2026 में बिहार पैवेलियन में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य की पहल को दर्शाया गया ।

केंद्रीय बिजली मंत्रालय द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में बिहार 'फोकस स्टेट' के रूप में शिरकत कर रहा है। राज्य के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बिहार पैवेलियन का उद्घाटन किया। इस मौके पर विभाग के सचिव मनोज कुमार सिंह और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार भी मौजूद थे।

सम्मेलन में बिहार ने अपने ऊर्जा क्षेत्र के चार प्रमुख आयामों को प्रमुख रूप से दिखाया है, जो राज्य के बदलते स्वरूप और भविष्य की तैयारियों की झलक प्रदान करता है। पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट्स के जरिये ग्रिड स्थिरता और नवीकरणीय ऊर्जा के बेहतर एकीकरण की दिशा में कदम बढ़ाये जा रहे हैं। कजरा सोलर प्रोजेक्ट विद बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम स्वच्छ और भरोसेमंद ऊर्जा आपूर्ति का उदाहरण बनकर सामने आया है।

पैवेलियन में स्मार्ट प्रीपेड मीटरिंग के क्षेत्र में बिहार की अग्रणी भूमिका को दिखाया गया है जिससे पारदर्शिता और उपभोक्ता सशक्तिकरण को नयी दिशा मिली है। पटना में प्रस्तावित पावर म्यूजियम का भी एक मॉडल है।

सम्मेलन के पहले दिन मंत्री स्तरीय बैठक में बिहार ने सक्रिय भागीदारी की। दूसरे दिन बिहार के ऊर्जा सचिव और पीडब्ल्यूसी के पार्टनर अभिजीत रे की मौजूदगी में निवेश के नये रास्तों पर विचार किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित