नयी दिल्ली , मार्च 05 -- भारत और फिनलैंड के बीच प्रदूषण नियंत्रण, अपशिष्ट प्रबंधन, चक्रीय अर्थव्यवस्था और जलवायु कार्रवाई पर साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए पर्यावरण सहयोग समझौते का नवीनीकरण किया गया है।

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और फिनलैंड की जलवायु तथा पर्यावरण मंत्री सुश्री सारी मुलतला ने गुरुवार को यहां दोनों देशों के बीच पर्यावरण सहयोग समझौता ज्ञापन का नवीनीकरण किया।

श्री यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर गुरुवार को एक पोस्ट में यह जानकारी देते हुए बताया कि भारत तथा फिनलैंड ने 2020 में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन का नवीनीकरण किया है। उनका कहना था कि इस समझौते से ज्ञान और प्रौद्योगिकी सहयोग के माध्यम से प्रदूषण की रोकथाम, नियंत्रण, अपशिष्ट प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन, वन और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन पर सहयोग और मजबूत होगा।

आधिकारिक सूचना के अनुसार नवीनीकृत समझौता ज्ञापन दोनों देशों के बीच सहयोग और सर्वोत्तम विधियों के आदान-प्रदान के लिए एक संरचित ढांचा प्रदान करता रहेगा जिसमें वायु तथा जल प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण, अपशिष्ट प्रबंधन, अपशिष्ट-से-ऊर्जा और पुनर्चक्रण सहित प्राकृतिक संसाधनों और वनों के उपयोग में चक्रीय अर्थव्यवस्था और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के साथ ही जलवायु परिवर्तन शमन और अनुकूलन, पर्यावरण और वन निगरानी (डेटा प्रबंधन सहित) और समुद्री तथा तटीय संसाधनों का संरक्षण और सतत उपयोग तथा एकीकृत जल संसाधन प्रबंधन शामिल हैं।

श्री यादव ने बताया कि समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान दोनों पक्षों ने केंद्रित संवाद और संयुक्त पहलों के माध्यम से चक्रीय अर्थव्यवस्था पर सहयोग के अवसरों पर भी चर्चा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित