श्रीगंगानगर , मार्च 26 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के पाकिस्तान सीमा से सटे रावला थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर को पुलिस, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त दल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तानी तस्करों द्वारा ड्रोन के जरिए सीमा पार से गिरायी गयी करीब 10 किलो हेरोइन बरामद की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई रावला से करीब पांच किलोमीटर दूर चक 2-केएनडी के एक खेत की है। यह खेत गांव से करीब तीन किलोमीटर अंदर रेतीले टिब्बों से तीन तरफ से घिरा हुआ है और यहां पहुंचने का कोई सीधा रास्ता नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों ने दोपहर में खेत में कुछ लोगों की संदिग्ध हरकत देखी। उन्होंने तुरंत पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) करे सूचना दी।
सूत्रों ने बताया कि जिसके बाद पुलिस, बीएसएफ और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पूरे क्षेत्र को घेर लिया। इसके बाद खेत में कार्रवाई के दौरान छह लोगों को पकड़ा गया जिनसे करीब 10 किलो हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि इनमें कुछ स्थानीय निवासी हैं और कुछ पंजाब के बताए जा रहे हैं।
विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी तस्करों ने संभवतः बुधवार देर रात या आज सुबह ड्रोन के जरिए ये हेरोइन के पैकेट इस क्षेत्र में गिराये थे।
उल्लेखनीय है कि इस घटना के तार तीन-चार दिन पहले की एक घटना से भी जुड़े होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। रविवार को चक 1-डीओएल में दिल्ली नंबर की एक कार ने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भाग निकली थी। उस समय नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव रावला थाना क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा कर रहे थे। कार में नशीले पदार्थों की खेप होने की आशंका जताई गई थी लेकिन कार पुलिस के चंगुल से बच निकली थी।
पुलिस और बीएसएफ अब दोनों घटनाओं के बीच संबंध की जांच कर रही है। इस क्षेत्र में सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी हाल के दिनों में बढ़ी है, जिसके चलते सुरक्षा बलों ने अपनी निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित