नयी दिल्ली , फरवरी 09 -- भारतीय सेना ने नेपाल के साथ रक्षा सहयोग और क्षमता निर्माण को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत सोमवार को भारत-नेपाल सीमा पर नेपाली सेना को 50 सैन्य उपयोगी वाहन सौंपे।

इन वाहनों को औपचारिक रूप से काठमांडू में आयोजित होने वाले एक समारोह में नेपाल में भारत के राजदूत द्वारा दिया भेंट किया जायेगा।

सेना ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इस पहल की घोषणा करते हुए कहा, "भारतीय सेना ने भारत-नेपाल सीमा पर नेपाली सेना को 50 सैन्य उपयोगी वाहन सौंपे। इन वाहनों को काठमांडू में आयोजित एक समारोह के दौरान नेपाल में भारत के राजदूत द्वारा औपचारिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। यह पहल नेपाली सेना के क्षमता निर्माण प्रयासों को सुदृढ़ करने के प्रति भारतीय सेना की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है और दोनों सेनाओं के बीच मित्रता, विश्वास और घनिष्ठ सहयोग के स्थायी बंधन को रेखांकित करती है।"इससे पहले विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने पिछले वर्ष अगस्त में काठमांडू की दो दिन की आधिकारिक यात्रा के दौरान नेपाली सेना मुख्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में नेपाल के सेना प्रमुख, सुप्रबल जनसेवाश्री जनरल अशोक राज सिग्देल को रक्षा और चिकित्सा उपकरणों का एक सेट सौंपा था।

इस पैकेज में लाइट स्ट्राइक वाहन, उन्नत जीवन-रक्षक चिकित्सा प्रणाली और प्रशिक्षित सैन्य पशु शामिल थे, जिन्हें दोनों पड़ोसी देशों के बीच रक्षा सहयोग के ढांचे के तहत उपलब्ध कराया गया था।

भारतीय दूतावास के अनुसार, यह पहल भारतीय और नेपाली सशस्त्र बलों के बीच स्थायी संबंधों को रेखांकित करती है। यह उस गहरे विश्वास और सहयोग की भी पुष्टि करती है, जिसने लंबे समय से द्विपक्षीय संबंधों की पहचान बनाई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित