नयी दिल्ली , मार्च 28 -- भारत ने विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की 14वीं मंत्रिस्तरीय बैठक में मत्स्य पालन क्षेत्र में सब्सिडी की कटौती पर समझौते के मसौदे को समर्थन दिया है, पर उसके साथ समग्र समझौतेपर भविष्य की दृष्टि से संतुलित और जन-केंद्रित (छोटे मछुआरों) पर केन्द्रित दृष्टिकोण अपनाये जाने पर बल दिया है।
कैमरून के याउंडे में 26-29 मार्च तक आयोजित इस बैठक में भारतीय दल का नेतृत्व कर रहे वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत में बड़ी संख्या में लोगों के लिए मछली पकड़ने का काम आजीविका और खाद्य सुरक्षा का मुख्य जरिया है। श्री गोयल ने मत्स्य व्यापार के बारे में रखे गये मसौदे को लेकर बैठक में भारत के सहयोग का भरोसा दिया पर कहा कि समझौता ऐसा होना चाहिए, जिससे -समुद्री संसाधनों की हिफाजत भी हो और गरीब मछुआरों की आजीविका भी सुरक्षित रहे।
श्री गोयल ने मत्स्यपालन क्षेत्र में सब्सिडी कटौती पर बैठक में भारत के दृष्टिकोण पर अपनी प्रस्तुति के बारे में एक्स पर लिखा, " मैंने इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत में मत्स्य पालन आजीविका और खाद्य सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण स्रोत है, जो 90 लाख से अधिक मछुआरों को सहारा देता है।"भारत का कहना है कि देश में मछली पकड़ने के काम में लगे अधिकतर लोग छोटे स्तर पर काम करने वाले, पारंपरिक और कुशल मछुआरे हैं, जो उचित तरीकों से मछली पकड़ने का काम करते हैं। भारत में मत्स्य संसाधनों के संरक्षण के लिए परंपरागत रूप से सक्रिय और स्वस्थ उपाय किये जाते हैं। हर साल एक ऐसी अवधि में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाया जाता है, जब मछलियां अंडे देने वाली होती हैं। भारत में मत्स्य पालन का प्राकृतिक रूप से स्वस्थ तरीका भारत की परंपरा है और सदियों से चल रहा है जबकि कि यह कोई वैश्विक प्राथमिकता भी नहीं बना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित