कोलकाता , मार्च 05 -- संजू सैमसन (89), शिवम दुबे (43) और ईशान किशन (39) की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने गुरुवार को टी-20 विश्वकप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को जीत के लिए 254 रनों का लक्ष्य दिया। आज यहां इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नही रहीं और उसने दूसरे ही ओवर में 20 रन के स्कोर पर अभिषेक शर्मा (नौ) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये ईशान किशन ने संजू सैमसन के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट लिए 97 रनों की साझेदारी हुई। 10वेे ओवर में आदिल रशीद ने ईशान किशन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। ईशान किशन ने 18 गेंदों में चार चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 39 रन बनाये। भारत का तीसरा विकेट संजू सैमसन के रूप में 14वें ओवर की पहली गेंद पर गिरा। विल जैक्स ने उन्हें आउट कर अपना दूसरा विकेट लिया। संजू सैमसन ने 42 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के उड़ाते हुए 89 रनों की पारी खेली। 16वें ओवर में आदिल रशीद ने सूर्यकुमार यादव (11) का शिकार कर लिया।
18वें ओवर की चौथी गेंद पर शिवम दुबे रन आउट हो गये। शिवम दुबे ने 25 गेंदो में एक चौका और चार छक्के लगाते हुए 43 रनों की विस्फोटक पारी खेली। 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने छक्को की बारिश कर रहे तिलक वर्मा को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। तिलक वर्मा ने सात गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 21 रन बनाये। पारी के आखिरी ओवर में हार्दिक पंड्या रनआउट हुये। उन्होंने 12 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाये। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में नॉकआउट राउंड का सबसे बड़ा स्कोर सात विकेट पर 253 रन खड़ा किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित