नयी दिल्ली , दिसम्बर 29 -- भारत ने अल्पसंख्यक समुदायों के बारे में पाकिस्तान की टिप्पणियों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि अल्पसंख्यकों के साथ व्यवहार को लेकर जिस देश का रिकार्ड बेहद खराब है उसे दूसरों को नसीहत देने से पहले अपनी गिरेबान में झांकना चाहिए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के भारत में अल्पसंख्यकों के बारे में दिये गये बयान पर सोमवार को तीखी प्रतिक्रिया करते हुए उन्हें सिरे से खारिज कर दिया।
श्री जायसवाल ने कहा , " हम ऐसे देश की कथित टिप्पणियों को सिरे से खारिज करते हैं, जिसका इस विषय पर बेहद खराब रिकॉर्ड अपने आप में सब कुछ कहता है। विभिन्न धर्मों से संबंधित अल्पसंख्यकों के साथ पाकिस्तान द्वारा किया गया भयावह और व्यवस्थित उत्पीड़न एक सर्वविदित तथ्य है। उंगली उठाने से इस सच्चाई को नहीं छिपाया जा सकता।"उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने भारत में क्रिसमस के दौरान तोड़फोड़ की घटनाओं का जिक्र करते हुए अल्पसंख्यकों के साथ किये जा रहे व्यवहार को लेकर सवाल उठाये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित