मोतिहारी , अप्रैल 22 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल क्षेत्र में अवैध मनी एक्सचेंज कारोबार के खिलाफ पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकदी बरामद की है तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष हेमंत सिंह ने बुधवार को बताया कि रेलवे फाटक के समीप मुख्य सड़क पर अवैध रूप से बड़े पैमाने पर रुपये के लेन-देन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान रेलवे फाटक के पास स्थित एक दुकान की तलाशी ली गई, जहां से 43 लाख 45 हजार 999 रुपये भारतीय मुद्रा एवं दो लाख 38 हजार 700 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद की गई। मौके से एक नोट गिनने वाली मशीन भी जब्त की गई, जिससे बड़े पैमाने पर अवैध लेन-देन की पुष्टि होती है।
पुलिस ने मौके से दुकान संचालक सोनू कुमार को गिरफ्तार किया है, जो रक्सौल नगर परिषद के वार्ड संख्या-5 स्थित तुमरियाटोला का निवासी है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिससे इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। इस कार्रवाई के बाद रक्सौल एवं आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध मनी एक्सचेंज कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि सीमा क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां न केवल आर्थिक व्यवस्था बल्कि सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित