नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने बुधवार को कहा कि भारत अगले 20-30 साल में 25 से 30 ट्रिलियन (लाख करोड़) डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की क्षमता रखता है।
मुंबई में आयोजित जियो-ब्लैकरॉक कार्यक्रम 'इन्वेस्टिंग फॉर ए न्यू ईरा' में ब्लैकरॉक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लैरी फिंक के साथ एक परिचर्चा के दौरान श्री अंबानी ने कहा कि यह दौर देश की युवा पीढ़ी के लिए निवेश का एक बहुत बड़ा अवसर होगा। उन्होंने कहा कि भारत पारंपरिक रूप से बचत करने वालों का देश रहा है, लेकिन अब समय है कि लोग निवेश करके देश के आगे बढ़ने का फायदा उठायें।
उन्होंने कहा कि बचाये गये पैसों का यदि पूंजी बाजार में निवेश किया जाये, तो इससे न केवल परिवारों की संपत्ति बढ़ेगी, बल्कि देश की आर्थिक वृद्धि को भी गति मिलेगी।
श्री फिंक ने भी सहमति जताते हुए कहा कि इक्विटी में लंबे समय के लिए निवेश भारत जैसे तेजी से बढ़ते देश में संपत्ति सृजन का सबसे प्रभावी जरिया बन सकता है। उन्होंने मौजूदा समय को 'भारत का युग' बताया। भारत के विकास को मजबूत नीतियों, राजनीतिक स्थिरता, बड़े पैमाने पर अवसंरचना निर्माण और डिजिटल क्रांति पर आधारित बताते हुए श्री अंबानी ने कहा कि 5जी, डिजिटल इंडिया और पूंजी बाजार के विस्तार से भारत दीर्घकालिक निवेश के लिए आकर्षक केंद्र बन गया है।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर जोर देते हुए श्री अंबानी ने कहा कि एआई शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में शानदार बदलाव ला सकता है। इसके जरिये उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवा और प्रभावी सार्वजनिक सेवाएं लोगों तक सुलभ और किफायती रूप में पहुंचायी जा सकती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित