मुम्बई , मार्च 02 -- भारत जून में अफगानिस्तान के साथ एक टेस्ट और तीन एकदिवसीय मैचों की घरेलू सीरीज की मेजबानी करेगा।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बाद यह दौरा छह जून से शुरू होगा और 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। इसके बाद 14, 17 और 20 जून को क्रमशः धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में तीन एकदिवसीय खेले जाएंगे।
यह दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट होगा। इससे पहले 2018 में पहला टेस्ट मैच खेला गया था, जिसे भारत ने एक पारी और 262 रन से अफगानिस्तान को हराया था। यह टेस्ट मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र का हिस्सा नहीं होगा।
यह भारत और अफगानिस्तान के बीच पहली द्विपक्षीय एकदिवसीय सीरीज भी होगी। अब तक दोनों टीमें इस प्रारुप में केवल एशिया कप और विश्व कप में ही आमने-सामने हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित