नयी दिल्ली, 29 जनवरी (वार्ता) Tee20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री का मानना है कि मौजूदा चैंपियन भारत इस बार इतिहास रच सकता है और लगातार दो बार ख़िताब जीतने वाली पहली टीम बन सकता है।
भारतीय टीम का मौजूदा प्रदर्शन बेहद ज़बरदस्त रहा है। 2024 में टी 20 विश्व कप का ख़िताब जीतने के बाद से टीम इंडिया ने कोई भी द्विपक्षीय सीरीज या टूर्नामेंट नहीं गंवाया है। आंकड़ों पर नज़र डालें तो भारत का जीत-हार का रिकॉर्ड 32-5 का है, जो किसी भी विरोधी टीम के लिए खतरे की घंटी है। टी 20 रैंकिंग में नंबर 1 पर काबिज़ भारतीय टीम के पास इस वक्त दुनिया का सबसे बेहतरीन दल है। टीम में नंबर 1 टी 20 बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा और नंबर 1 टी 20 गेंदबाज़ वरुण चक्रवर्ती शामिल हैं, जो विरोधियों पर भारी पड़ रहे हैं।
शास्त्री ने टीम की मजबूती पर बात करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि डिफेंडिंग चैंपियंस स्पष्ट रूप से जीत के प्रबल दावेदार के तौर पर शुरुआत करेंगे। अगर आप एक-एक खिलाड़ी को देखें, उनकी मौजूदा फ़ॉर्म, मैच फ़िटनेस और हाल के दिनों में उन्होंने जितना क्रिकेट खेला है, यह सब उन्हें साफ़ तौर पर फेवरेट बनाता है। ख़ास तौर पर जब आप उनके टॉप ऑर्डर और उनकी मौजूदा फ़ॉर्म को देखते हैं, तो स्थिति और भी मजबूत नजर आती है।"टी 20 विश्व कप की तैयारी में 'मेन इन ब्लू' का सफ़र अब तक लगभग बेदाग रहा है। टीम ने अपनी बादशाहत साबित करते हुए दिसंबर में 2024 विश्व कप की फ़ाइनलिस्ट टीम साउथ अफ़्रीका को 5 मैचों की टी 20 सीरीज़ में 3-1 से हराया था। नए साल में भी भारत का यह विजय रथ रुकने का नाम नहीं ले रहा है। न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ चल रही मौजूदा पांच मैचों की सीरीज़ में भारत ने 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है। शास्त्री का यह भरोसा टीम के इसी अटूट प्रदर्शन पर आधारित है।
शास्त्री का मानना है कि भारतीय चयनकर्ताओं ने टीम में युवा जोश और अनुभव का बिल्कुल सही मिश्रण तैयार किया है, जो टीम को एक और विश्व कप जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित