नयी दिल्ली , फरवरी 15 -- केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इंडिया एआई मिशन के तहत इंटेल इंडिया के सहयोग से कृत्रिम मेधा (एआई) पर केंद्रित 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' के उपलक्ष्य में दायित्वपूर्ण एआई पर केंद्रित एक राष्ट्रव्यापी प्रचार अभियान की तैयारी की है। यह सोमवार को भारतीय समयानुसार सुबह 8:00 बजे शुरू किया जाएगा।

नयी क्रांति ला रही एआई प्राैद्योगिकी पर भारत की मेजबानी में होने जा रहे इस सम्मेलन का उद्घाटन सोमवार शाम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे और ''मोस्ट प्लेज रिसीव्ड फॉर एन एआई रिस्पॉन्सिबिलिटी कैंपेन इन 24 ऑवर्स'' कल सुबह से शुरू हो जाएगा। इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए दुनिया भर के राजनेता, सरकारी अधिकारी, बड़ी बड़ी प्रौद्योगिकी और संचार कंपनियों के प्रमुख, सामाजिक कार्यकर्ता, स्टार्टअप और नीति नियामक एवं प्रौद्योगिकीविद भाग ले रहे हैं। सम्मेलन 20 फरवरी तक चलेगा।

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की इस पहल का उद्देश्य उत्तरदायी एआई के समर्थन में प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने वालों का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स बनाना है । मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा , ' इस अभियान का लक्ष्य देश भर के नागरिकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के नैतिक, समावेशी और उत्तरदायी उपयोग के लिए प्रतिबद्ध करना है, जिससे भरोसेमंद और मानव-केंद्रित एआई तंत्र के निर्माण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को बल मिले।'इस अभियान को समर्थन देने के लिए डिजिटल प्रतिज्ञा एआईप्लेज.इंडियाएआई.जीओवी.इन पर उपलब्ध होगी।

एक संवादपरक और जागरूकता-आधारित अनुभव के रूप में डिजाइन की गई इस पहल में परिदृश्य-आधारित प्रश्न शामिल हैं जो प्रतिभागियों को औपचारिक प्रतिज्ञा लेने से पहले उत्तरदायी एआई प्रथाओं पर विचार करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। प्रतिज्ञा पूरी होने पर प्रतिभागियों को इंडियाएआई और इंटेल इंडिया द्वारा संयुक्त रूप से जारी किया गया एक डिजिटल मानद बैज प्राप्त होगा। इसके साथ ही सरकार द्वारा संचालित एआई सीखने के चुनिंदा कार्यक्रमों तक पहुंच भी मिलेगी।

इस अभियान को इस तरह से तैयार किया गया है कि यह सभी क्षेत्रों और लोगों के लिए सुलभ और भागीदारी में आसान हो। इसके लिए माइक्रोफोन या कैमरा एक्सेस की आवश्यकता नहीं है और न ही कोई योग्यता मानदंड या पात्रता संबंधी बाधाएं हैं।

प्रतिभागी इस अभियान के आधिकारिक पोर्टल पर एक सरल प्रकिया के तहत अपने को पंजीकृत करा सकेंगे। उनकी भागीदारी का सत्यापन ओटीपी (ईमेल आईडी या फोन नंबर) के माध्यम से किया जाएगा। उन्हें छोटे परिदृश्य-आधारित जागरूकता प्रश्नों के साथ जुड़ना और एआई उत्तरदायित्व प्रतिज्ञा का औपचारिक रूप से प्रस्तुत करना होगा।

इस पहल में छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों, सरकारी अधिकारियों, सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के पेशेवरों, स्टार्टअप कंपनियों और विभिन्न पृष्ठभूमियों के नागरिकों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाता है। युवाओं की सहभागिता पर विशेष जोर देते हुए, इस अभियान का उद्देश्य एआई के उत्तरदायी उपयोग, डेटा गोपनीयता, जवाबदेही और गलत सूचनाओं से निपटने के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित