जयपुर , दिसंबर 20 -- बजाज पुणे ग्रैंड टूर-2026 की ट्रॉफी का शनिवार को राजधानी जयपुर में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के मुख्य आतिथ्य में अनावरण किया गया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़, राजस्थान के खेल सचिव नीरज के. पवन, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष ओंकार सिंह, सेलेक्शन कमेटी, राजस्थान साइक्लिंग एसोसिएशन की चयन समिति की अध्यक्ष सरिका चौधरी और महाराष्ट्र के पुणे जिला कलक्टर जितेंद्र डूडी मौजूद थे।
पुणे जिला प्रशासन की ओर से श्री डूडी के नेतृत्व में तथा महाराष्ट्र सरकार के मजबूत सहयोग से आयोजित बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026, भारत का पहला अंतरराष्ट्रीय स्तर का साइक्लिंग रोड रेस आयोजन है। यह यूनियन साइक्लिस्ट इंटरनेशनल (यूसीआई) द्वारा मान्यता प्राप्त भारत की पहली अंतरराष्ट्रीय रोड साइक्लिंग रेस है जिसमें विश्वभर से शीर्ष साइक्लिस्ट भारत की धरती पर प्रतिस्पर्धा करेंगे। चुनौतीपूर्ण मार्गों और समृद्ध सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के लिए पहचाना जाने वाला यह आयोजन पुणे और भारत को वैश्विक साइक्लिंग मानचित्र पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करेगा।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ट्रॉफी टूर के तहत पिंक सिटी जयपुर में ट्रॉफी का आगमन भारत के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो देश की सांस्कृतिक विरासत और विश्वस्तरीय खेल आयोजन क्षमता का सुंदर संगम प्रस्तुत करता है।
इस अवसर पर श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि भारत नए खेलों को अपनाते हुए बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेज़बानी की दिशा में आगे बढ़ रहा है। पुणे ग्रैंड टूर 2026 भारत की पहली यूसीआई वर्गीकृत साइक्लिंग रेस है, जो देश में पेशेवर साइक्लिंग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
पुणे ग्रैंड टूर के रेस इंचार्ज श्री डूडी ने कहा कि "पुणे ग्रैंड टूर 2026 पिछले छह महीनों की सतत और लक्ष्य-आधारित मेहनत का परिणाम है। यूसीआई 2.2 श्रेणी अंतरराष्ट्रीय रोड साइक्लिंग की शुरुआती श्रेणी है लेकिन हमारा लक्ष्य भारत को भविष्य में टूर डी फ्रांस की तर्ज पर यूसीआई प्रो रेस की मेज़बानी करने वाला देश बनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित