नयी दिल्ली , दिसंबर 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने बुधवार को लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के जर्मनी में भारत की उत्पादन क्षमता को लेकर दिये गये बयान को गैर जिम्मेदाराना बताते हुये आलोचना की है।
श्री पात्रा ने श्री गांधी को घेरते हुये कहा कि विपक्ष के नेता का एक महत्वपूर्ण दायित्व होता है और विपक्ष के नेता को जिम्मेदाराना व्यवहार करना होता है विशेषकर जब वो विदेश की भूमि पर हों। उन्होंने कहा कि देश में इस समय संसद का सत्र चल रहा है। सदन में कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा हो रही है, लेकिन श्री गांधी प्रवासी भारतीयों को संबोधित करने के लिए जर्मनी में मौजूद हैं।
श्री पात्रा ने कहा कि आज म्यूनिख स्थित 'बीएमडब्ल्यू' की फैक्ट्री में राहुल गांधी ने उत्पादन को लेकर बातें करते हुए वहां की व्यवस्था की सराहना की और यह भी कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि भारत का उत्पादन अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि बार-बार कांग्रेस नेता श्री गांधी का इस प्रकार विदेश जाना और विदेशी धरती से भारत को अपमानित करना तथा भारत के खिलाफ बयान देना, श्री गांधी और कांग्रेस की देश के प्रति भावना को प्रदर्शित करता है।
श्री पात्रा ने कहा कि जहां तक उत्पादन का सवाल है, यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन (आईआईपी) इस समय एक सकारात्मक ग्रोथ ट्रेंड (विकास) पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि जुलाई 2025 में भारत का विनिर्माण क्षेत्र (मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर) का विकास रिकॉर्ड 5.4 प्रतिशत था और सितंबर 2025 में यह 4.8 पर था। वहीं, वर्तमान में भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट 8.2 प्रतिशत है, जो दुनिया की सर्वश्रेष्ठ विकास दरों में से एक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित