नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- भारत-किर्गिस्तान संयुक्त विशेष बल अभ्यास 'खंजर' का 13वां संस्करण बुधवार से असम के मिसामारी में शुरू हो गया।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 17 फरवरी तक चलने वाला अभ्यास खंजर एक वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसे भारत और किर्गिस्तान द्वारा बारी-बारी से आयोजित किया जाता है। इस अभ्यास का पिछला संस्करण पिछले वर्ष किर्गिस्तान में हुआ था।

अभ्यास में भारतीय सेना के 20 सदस्यीय दल पैराशूट रेजिमेंट (स्पेशल फोर्सेस) के सैनिक हिस्सा ले रहे हैं जबकि किर्गिस्तान के दल का प्रतिनिधित्व 'स्पेशल फोर्सेस ब्रिगेड' द्वारा किया जा रहा है।

इस अभ्यास का उद्देश्य शहरी और पर्वतीय क्षेत्रों में आतंकवाद-रोधी तथा विशेष बल अभियानों से संबंधित सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों और अनुभवों का आदान-प्रदान करना है। अभ्यास में स्नाइपिंग, जटिल भवन हस्तक्षेप (कॉम्प्लेक्स बिल्डिंग इंटरवेंशन) और पर्वतीय युद्ध कौशल (माउंटेन क्राफ्ट) जैसे उन्नत विशेष बल कौशलों के विकास पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

अभ्यास खंजर दोनों देशों को रक्षा सहयोग को और सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करेगा, साथ ही अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद और उग्रवाद से जुड़ी साझा चुनौतियों का समाधान करने में सहायक होगा। यह अभ्यास क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के प्रति भारत और किर्गिस्तान की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित